मुरादाबाद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी द्वारा विकास खण्ड-छजलैट स्थित अस्थायी गो आश्रय स्थल, मानपुर मुजफ्फरपुर में स्वच्छता, साफ-सफाई एवं अवस्थापना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालय, मानपुर एवं आंगनबाड़ी केंद्र, मुजफ्फरपुर का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/खण्ड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सचिव, ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान, केयरटेकर, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं आंगनबाड़ी सहायिका उपस्थित रहे।

गो आश्रय स्थल में 153 गोवंश संरक्षित मिले
निरीक्षण के दौरान गो आश्रय स्थल में कुल 153 गोवंश संरक्षित पाए गए। गोशाला में भूसा 35 कुंतल, पशु आहार 08 कुंतल, हरा चारा 09 कुंतल तथा गुड़ 10 किलोग्राम उपलब्ध पाया गया।
गोशाला से लिंक 0.4 हेक्टेयर भूमि पर बाजरा/नेपियर घास बोई गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने गोशाला में वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोशाला में वीबी-जीरामजी के अंतर्गत अतिरिक्त शेड का निर्माण, बाउंड्रीवाल के ऊपर लोहे की ग्रिल लगवाने तथा परिसर में मिट्टी भराव कर नियमानुसार खड़ंजा लगवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान 01 गोवंश बीमार पाया गया। उसके समुचित उपचार के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी, छजलैट को निर्देशित किया गया। साथ ही समय-समय पर गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कराने, गोशाला का नियमित निरीक्षण करने, परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा टीकाकरण अभिलेख अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।
विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
उच्च प्राथमिक विद्यालय, मानपुर के निरीक्षण में 107 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 84 बच्चे उपस्थित मिले। मुख्य विकास अधिकारी ने नामांकन एवं छात्र उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्यालय में ‘बैगलेस एवं मेरे सपनों का भारत’ के अंतर्गत बच्चों द्वारा मिट्टी के बर्तन एवं चित्रकला बनाने संबंधी गतिविधियां भी की गईं।
विद्यालय परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने तथा कक्षा-कक्षों में डैमप्रूफिंग, सौंदर्यीकरण एवं प्रार्थना सभा स्थल पर टाइलिंग कराने के लिए खण्ड विकास अधिकारी, छजलैट एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विकास खण्ड-छजलैट को निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र पर शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में 03 से 06 वर्ष आयु वर्ग के पंजीकृत 40 बच्चों के सापेक्ष 18 बच्चे उपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री को अभिभावकों से संपर्क कर शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
साथ ही पोषण ट्रैकर पर उपलब्ध समस्त इंडिकेटरों में शत-प्रतिशत प्रगति अर्जित करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जनसुविधाओं, स्वच्छता, शिक्षा, पोषण एवं पशु संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जाए@शांतनु/INN
