अमरोहा, 20 सितंबर। वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता के असामयिक निधन पर संपूर्ण पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। देश की राजधानी दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों में गहरी दिलचस्पी रखने और हर छोटी-बड़ी खबर से लगातार अपडेट रहना, उनकी उत्कृष्ट पेशेवराना निष्ठा व प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके निधन की खबर से स्तब्ध मुरादाबाद मंडल के पत्रकारों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
उत्तर प्रदेश वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (यूपीडब्ल्यूजेयू) एवं उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, अमरोहा से जुड़े पत्रकारों ने अलग-अलग शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
वरिष्ठ पत्रकार महिपाल सिंह ने कहा कि संसद की रिपोर्टिंग के दौरान पायल मेहता ने अपनी निष्ठा, ईमानदारी और उच्च स्तरीय पेशेवर शैली से एक विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके जाने से समाचार जगत ने एक समर्पित, सौम्य और सहज सहकर्मी को खो दिया है। राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख अंग्रेजी समाचार संस्थान से संबद्ध रहते उन्हें देश की राजधानी दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक एवं चुनावी हलचलों की व्यापक और जमीनी समझ थी। उन्होंने बताया कि पायल मेहता छोटे-बड़े समाचार संस्थानों तथा जनपदीय पत्रकारों से सहज संवाद के माध्यम से क्षेत्रीय जमीनी राजनीतिक जानकारी से अपडेट रहना उनकी पेशेवराना दिलचस्पी का परिचायक था। जिला स्तर पर कार्यरत क्षेत्रीय संवाददाता या फिर राजधानी के पत्रकार उनके दृष्टिकोण में कभी कोई अंतर नज़र नहीं आया । यही सहजता, सौम्यता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण उनकी विशिष्ट पहचान बनी, जिसके लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा।
शोक व्यक्त करने वालों में यूपीडब्ल्यूजेयू के पूर्व सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. संतोष गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार महिपाल सिंह सहित उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के पदाधिकारी व विभिन्न पत्रकार संगठनों के सदस्य शामिल रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 सितंबर 1979 को जन्मी पायल मेहता का रविवार को मुंबई में अचानक निधन हो गया। उनके जन्मदिवस से ठीक दो दिन पहले हुए इस दुखद वाकये से स्वजनों व उनके सहयोगियों में मातम छा जाना स्वाभाविक है। उनका अंतिम संस्कार रविवार दोपहर 1:30 बजे मुंबई स्थित चंदनवाड़ी श्मशान भूमि, महर्षि कर्वे रोड, चंदनवाड़ी, कालबादेवी में संपन्न हुआ।
पत्रकारों ने कहा कि पायल मेहता की उपस्थिति की कमी सदैव महसूस होगी, किंतु उनका स्नेह, संस्कार और ईमानदार पत्रकारिता की स्मृतियां मीडिया जगत में हमेशा जीवित रहेंगी@INN
