मुरादाबाद। डिलारी थाना क्षेत्र के बमनिया पट्टी गांव में रिंकू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने बड़े भाई और मृतक की पत्नी के कहने पर हत्या की साजिश में शामिल होकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, मृतक का मोबाइल फोन, टॉर्च और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
शराब पिलाकर मेले के बहाने ले गया, फिर फरसे से किए वार
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात रिंकू को उसका रिश्तेदार शिवम शराब पिलाकर सरकड़ा रामलीला मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया। वापस लौटते समय सरकड़ा और गांव के बीच खेतों की पुलिया के पास उसे और शराब पिलाई गई। नशे की हालत में होने के बाद शिवम ने पहले से छिपाकर रखे फरसे से रिंकू पर लगातार वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण रिंकू की मौत हो गई।
शव गन्ने के खेत में छिपाया
पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवम ने बताया कि हत्या के बाद रिंकू के शव को पुलिया के पास गन्ने के खेत में छिपा दिया गया। वहीं मृतक का मोबाइल और टॉर्च तथा हत्या में इस्तेमाल फरसा धान के खेत में छिपा दिया गया। घटना के समय पहने कपड़ों पर खून लगने के कारण उन्हें नाली के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया था।
भाई और मृतक की पत्नी पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हत्या की पूर्व योजना उसके बड़े भाई अमित और रिंकू की पत्नी आंचल के कहने पर बनाई गई थी। मामले में पुलिस ने अमित, शिवम और आंचल के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
20 सितंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
रिंकू के परिजन की तहरीर पर 20 सितंबर को थाना डिलारी में मुकदमा अपराध संख्या 216/2026 दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 103(1), 238, 61(2)(a) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले के शीघ्र अनावरण के लिए टीम गठित की थी।
फरसा, मोबाइल और खून से सने कपड़े बरामद
21 सितंबर को पुलिस ने नामजद/वांछित आरोपी शिवम पुत्र सुखलाल निवासी बमनिया पट्टी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर आला कत्ल फरसा, मृतक रिंकू का मोबाइल फोन, एक टॉर्च और घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अजय दूबे और कांस्टेबल रजनीश कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है@जफर/INN
