भोजपुर। गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया के जयकारों से मंगलवार को भोजपुर नगर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ पूजन एवं महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली।

विसर्जन यात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ी मंडी, घास मंडी, मुख्य बाजार और बस स्टैंड होते हुए ढेला नदी स्थित रामगंगा घाट तक पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते-नाचते नजर आए। जगह-जगह गणपति की झांकी का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया और “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

ढेला नदी के किनारे पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया और भावपूर्ण विदाई दी। इसके बाद धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।

विसर्जन कार्यक्रम में सुधांशु वर्मा, आकाश कुमार, विशाल कुमार, सोनू अरोरा, बृजेश अरोरा, दीपांशु वर्मा, शांतनु, हनी, दलजीत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे@जफर/INN
