उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जेवर एयरपोर्ट के पास नोएडा से महोबा जा रही एक निजी डबल डेकर टूरिस्ट बस अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के वक्त बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस की छत पर काफी सामान रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से आग तेजी से फैली, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना की जांच कर रही है।
राष्ट्रपति और पीएम ने जताया दुख
हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताया है। PMNRF की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
सीएम योगी ने भी जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
देश के दो अन्य शहरों में भी बसों में आग
इसी बीच मुंबई-पुणे हाईवे पर भी एक निजी यात्री बस में आग लगने की घटना सामने आई। बताया गया कि AC में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका है। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहीं, हैदराबाद में भी श्रीशैलम जा रही एक निजी बस आग की चपेट में आ गई। बस में करीब 38 यात्री सवार थे, लेकिन समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
