उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार, 26 सितंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बैठक की जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलने की बात कही।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार झांसी में प्रस्तावित BIDA के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को शामिल कराने की तैयारी कर रही है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश में कई अन्य बड़े विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम भी प्रधानमंत्री के हाथों कराने की योजना पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
बैठक के दौरान आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर तैयारियों और राज्य में चल रही राजनीतिक गतिविधियों पर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर बैठक का विस्तृत एजेंडा जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले भी अगस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात कर चुके हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने 8 अगस्त की मुलाकात की भी पुष्टि की थी।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ ही सरकार और राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। बीजेपी की प्रदेश इकाई ने भी हाल में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की थी।
