मुरादाबाद। भारत मौसम विज्ञान विभाग, प्रादेशिक मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 26 सितम्बर 2026 को प्रातः 08ः30 बजे से 27 सितम्बर 2026 को प्रातः 08ः30 बजे तक जनपद मुरादाबाद में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की सम्भावना व्यक्त की गई है। साथ ही कुछ स्थानों पर मेघगर्जन/आकाशीय बिजली तथा तेज हवाएं चलने की सम्भावना है।
विशेष मौसम चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट)
मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान जनपद मुरादाबाद तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल सम्भावना है। इसको दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी सम्बन्धित विभागों और नागरिकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अनावश्यक यात्रा से बचेंः अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें। जल भराव वाले या निचले इलाकों की ओर जाने से बचें।
सुरक्षित स्थानः- कमजोर मकानों, कच्चे निर्माण, पुराने पेड़ों और बिजली के खंभों /ट्रांसफार्मर से सुरक्षित दूरी बनाकर रहें।
विद्युत सुरक्षाः- आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बिजली के पोल, तारों और विद्युत उपकरणों से दूर रहे। किसी भी आपात स्थिति में बिजली विभाग के हेल्प लाइन नंबर का प्रयोग करें।
जल भराव एवं यातायातः जिन क्षेत्रों में पानी भरने की सम्भावना है, वहां के नागरिक सतर्क रहे, और वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें।
आपातकालीन सहायता नंबर
किसी भी आपदा, दुर्घटना या सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें-
*जिला आपातकालीन संचालन केंद्र मुरादाबादः9454416867, 9454416893
*जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणः 1077 टोल फ्री नंबर,
*पुलिस आपातकालीन सेवाः- 112
मौसम की सम्भावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा जनपदवासियों से सावधानी बरतने एवं सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की।
1अत्यधिक आवश्यक न हो तो खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें।
2 मेघगर्जन एवं आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान, खेत, पेड़, बिजली के खंभों एवं ऊंची संरचनाओं के नीचे खड़े न हों।
3 वर्षा के दौरान नदियों, नालों, तालाबों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा बच्चों को भी इन स्थानों से दूर रखें।
4 तेज बारिश के दौरान जलभराव वाले मार्गों पर वाहन चलाने से बचें और पानी की गहराई का अनुमान लगाए बिना वाहन को पानी में न उतारें।
5 नागरिक जर्जर भवनों, कमजोर दीवारों एवं होर्डिंग/ बैनर जैसी अस्थायी संरचनाओं से दूरी बनाए रखें।
6 घर से निकलने से पहले मौसम की स्थिति एवं प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
7 किसान भाई खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतें और मेघगर्जन/आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
8 विद्युत तारों, ट्रांसफॉर्मर एवं बिजली के उपकरणों के आसपास पानी जमा होने की स्थिति में दूरी बनाए रखें।
9 आवश्यक वस्तुएं, टॉर्च, मोबाइल फोन चार्ज, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं जरूरी दवाइयां तैयार रखें।
10 अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से प्राप्त मौसम एवं आपदा सम्बंधी सूचनाओं पर भरोसा करें।
आपात स्थिति में
किसी भी प्रकार की आपदा/जलभराव /असामान्य स्थिति में तत्काल सम्बन्धित विभाग को सूचना दें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
*जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, मुरादाबाद 80591-2410886 80591-2412728
*
जिलाधिकारी की अपील
जनपदवासियों से अपील है कि आगामी भारी वर्षा एवं खराब मौसम को देखते हुए पूर्ण सतर्कता बरतें। स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन द्वारा जारी मौसम चेतावनियों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें/INN
