मुरादाबाद। भोजपुर धर्मपुर नगर पंचायत के पूर्व सभासद एवं उप चेयरमैन मोहम्मद फारूक का शनिवार सुबह लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उन्होंने करीब सात बजे अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
मोहम्मद फारूक नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर में छह बार सभासद तथा एक बार उप चेयरमैन के पद पर रह चुके थे। लंबे समय तक नगर की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण उन्होंने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। जनसेवा और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रियता के चलते बड़ी संख्या में लोग उनसे जुड़े रहे।
शनिवार को उनके आवास से जनाजा निकाला गया, जो नगर स्थित जैनुलाशाह बाबा वाले कब्रिस्तान पहुंचा। यहां गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे में क्षेत्र के राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं के अलावा सैकड़ों लोग शामिल हुए। लोगों ने मरहूम की मगफिरत के लिए दुआ की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मोहम्मद फारूक के निधन पर नगर के लोगों ने गहरा दुख जताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि नगर पंचायत में लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में सक्रिय रहने वाले मोहम्मद फारूक की सामाजिक सेवाओं और लोगों के बीच उनकी सहज उपलब्धता को हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से नगर ने एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि को खो दिया है@जफर/INN
