अमरोहा। भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के बैनर तले गजरौला औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित ‘किसान युवा संसद’ के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने विधायक फार्म हाउस गैंगरेप से जुड़े मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा संज्ञान लेने, किसी भी घटना में संबंधित फार्म हाउस मालिक की जिम्मेदारी तय करने तथा संदिग्ध गतिविधियों के अंदेशे वाले ऐसे तमाम फार्म हाउसों की जांच और लेखा-जोखा कराने की मांग पूरी होने पर आयोग एवं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। भाकियू संयुक्त मोर्चा की इस पंचायत में केवल सरकारी नौकरी पर निर्भरता कम कर ग्रामीण आधारित उद्योगों तथा संगठित रोजगार मॉडल से जोड़ने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

बताया गया कि किसान युवाओं को जोड़ने की मुहिम में केवल प्रशिक्षण के आंकड़ों के बजाय चयन, रोजगार और व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं की वास्तविक संख्या को सफलता का मानक माना जाएगा। इसके अलावा, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और कृषि जैसे सार्वजनिक मुद्दों पर नियमित क्षेत्रीय रिपोर्ट तैयार करने तथा चुनावों के दौरान उम्मीदवारों के घोषित रिकॉर्ड के आधार पर तथ्यपरक संवाद स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
‘रोजगार भी, जवाबदेही भी, मजबूत लोकतंत्र भी’ और ‘युवा जागेगा, गांव आगे बढ़ेगा’ के संकल्प के साथ आयोजित उक्त ‘किसान युवा संसद’ पंचायत में ग्रामीण भारत के भावी राजनीतिक परिदृश्य को नई दिशा देने की घोषणा की गई है। संगठन द्वारा लोकतंत्र को मजबूत करने और पारदर्शी जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किसान युवा शक्ति के रूप में एक हजार निष्ठावान एवं गंभीर युवाओं की विशेष टीम तैयार की गई है। यह कैडर गांव-गांव जाकर चौपालों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं, सार्वजनिक संस्थानों के कामकाज और जनप्रतिनिधियों के दावों का जमीनी स्तर पर ऑडिट करेगा।

किसान युवा संसद के मंच से राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने आह्वान किया कि अब समय आ गया है जब युवा केवल चुनाव के समय भीड़ या प्रचार सामग्री बांटने तक सीमित न रहकर स्वयं नीतियों और विकास मानकों के निर्धारण में मुख्य भूमिका निभाएं। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा व संसदीय क्षेत्रों के विकास कार्यों, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई व स्थानीय रोजगार से जुड़े आंकड़ों का सार्वजनिक रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। युवाओं की यह टीम चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के समक्ष समान सार्वजनिक मानक और तथ्यपरक सवाल रखकर मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य करेगी, ताकि व्यक्तिगत और दलीय निष्ठा से ऊपर उठकर कार्य-प्रदर्शन आधारित लोकतंत्र की नींव रखी जा सके। इस अवसर पर नरेंद्र चौहान को प्रदेश प्रभारी के पद पर प्रमाण पत्र देकर मनोनीत किया गया और 25 युवाओं की नगर कार्यकारिणी बनाई गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्य सचिव अरुण सिद्धू, प्रदेश प्रभारी नरेंद्र चौहान, जिला उपाध्यक्ष जसवंत सिंह, चंद्रपाल सिंह, आजम चौधरी, अजय पाल सिंह जाटव, विशाल चौधरी, राहुल राजपूत, मोहित शर्मा, आसिफ चौधरी, अमित गुर्जर, सुमित चौधरी, अंकित चौधरी, टीकम चौधरी, आमिर चौधरी, रामपाल ठाकुर, नौशाद चौधरी, बबलू शर्मा, इकरार सैफी, नरेश फौजी, नितिन फौजी, विकास फौजी, जीतू ठाकुर आदि किसान लोग मौजूद रहे@MP SINGH/INN
