मुरादाबाद। सेवा संकल्प अभियान एवं विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को पंचायत भवन, मुरादाबाद में भव्य कजरी महोत्सव का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश, जिला प्रशासन तथा वृंदावन शोध संस्थान, वृंदावन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में दर्शक भारतीय लोक संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा से रूबरू हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’, महापौर विनोद अग्रवाल, लखनऊ की लोकगायिका संजोली पांडेय तथा मथुरा की सुप्रसिद्ध लोकगायिका माधुरी शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वृंदावन शोध संस्थान, मथुरा के प्रशासनिक अधिकारी रजत शुक्ला ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा ने अतिथियों का परिचय कराया और विश्व पर्यटन दिवस-2026 की थीम की जानकारी दी। उन्होंने मुरादाबाद के प्रमुख पर्यटन स्थलों और उनकी विशेषताओं से भी दर्शकों को अवगत कराया।
कजरी गायन से हुआ सांस्कृतिक संध्या का आगाज
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत सुश्री नमिता अग्रवाल के कजरी गायन से हुई। इसके बाद प्रतिमा वर्मा, निधि एवं रुचि की टीम ने कजरी गायन एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। डॉ. दिव्या दत्त के कजरी गायन ने लोक संगीत की मधुर छटा बिखेरी और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके बाद आमंत्रित कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। लखनऊ से आईं लोकगायिका संजोली पांडेय ने रामभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं मथुरा की सुप्रसिद्ध लोकगायिका माधुरी शर्मा ने ब्रज के रसिया और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर ब्रज संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरी।
मल्हार और कजरी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया। लोकगीतों की मधुर धुनों और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक तालियां बजाते रहे।

संगीतमय अंदाज में हुआ कार्यक्रम का संचालन
सुविख्यात नाट्यकर्मी डॉ. पंकज ‘दर्पण’ ने संगीतमय अंदाज में कार्यक्रम का संचालन किया। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और मंच संचालन से उन्होंने सांस्कृतिक संध्या को और आकर्षक बना दिया। उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया तथा लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए आयोजित इस आयोजन की सराहना की।
कलाकारों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’ एवं महापौर विनोद अग्रवाल ने सभी कलाकारों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम ने लोक संस्कृति, लोक संगीत और क्षेत्रीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही मुरादाबाद की सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान को भी मंच प्रदान किया@शांतनु/INN
