ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के तीसरे दिन व्यापारिक गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली। रविवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में बड़ी संख्या में खरीदारों, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों, MSMEs, उद्यमियों, विद्यार्थियों और परिवारों की मौजूदगी रही। शाम पांच बजे तक तीसरे दिन 2 लाख से अधिक आगंतुकों के पहुंचने का दावा किया गया।
आयोजन के तीसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ‘वैश्विक व्यापार वृद्धि के लिए भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) का लाभ’ विषय पर आयोजित नॉलेज सेशन में हिस्सा लिया। सत्र का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) की ओर से किया गया।
पीयूष गोयल ने भारतीय व्यवसायों, निर्यातकों और MSMEs के लिए मुक्त व्यापार समझौतों से पैदा होने वाले अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने निर्यातकों और MSMEs से preferential market access को समझने, गुणवत्ता एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने तथा नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए व्यापार समझौतों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के MSME आधार, विनिर्माण क्षमता, ODOP इकोसिस्टम और बढ़ते निर्यात पोर्टफोलियो का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के उत्पादों और उद्यमों में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत उपस्थिति बनाने की क्षमता है। उनके अनुसार UPITS जैसे मंच उत्तर प्रदेश की औद्योगिक एवं उद्यमशील क्षमताओं को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
6700 B2B बैठकें, 1150 समझौते
UPITS 2026 के तीसरे दिन व्यापारिक गतिविधियां आयोजन के केंद्र में रहीं। दिनभर में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच 6,700 B2B बैठकें आयोजित हुईं। इसके साथ ही 1,150 MoUs और व्यावसायिक समझौते होने की जानकारी दी गई, जिनका अनुमानित कारोबारी मूल्य करीब 2,000 करोड़ रुपये बताया गया है।
आयोजकों के अनुसार, खरीदारों के साथ बातचीत का बदलकर व्यावसायिक पूछताछ, समझौतों और संभावित ऑर्डरों में बदलना UPITS के कारोबारी मंच के रूप में विस्तार को दर्शाता है।
MSMEs और ODOP पर जोर
कार्यक्रम में MSMEs, ODOP और निर्यातकों के लिए ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केट एक्सेस और सप्लाई चेन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने छोटे उद्यमों को तकनीक, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल मार्केटप्लेस के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार साझा किए।
इसके अलावा हस्तशिल्प क्षेत्र में टिकाऊ सोर्सिंग और वैश्विक बाजार तक पहुंच तथा कारीगरों, बुनकरों और लघु-मध्यम उद्यमों के लिए माइक्रो ब्रांड बिल्डिंग जैसे विषयों पर भी सत्र आयोजित किए गए।

विद्यार्थियों ने भी लिया हिस्सा
UPITS 2026 में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर आयोजित सत्र में विद्यार्थियों ने परिवहन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद किया। इसके अलावा कला, संस्कृति, MIME और Battle of Bands जैसी गतिविधियों में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
शाम को पखावज जुगलबंदी, आल्हा गायन, राई लोकनृत्य और कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिया। UPITS 2026 का आयोजन 29 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा/INN
