मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। डिलारी पुलिस ने बाइक चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की, जबकि छजलैट पुलिस ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
डिलारी में चोरी की बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार
डिलारी थाना क्षेत्र में 25 सितंबर को एक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP21CE 6604 चोरी होने की शिकायत पुलिस से की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 224/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर की रात कुनाल पुत्र विजेन्द्र प्रजापति निवासी शिवनगर, थाना ठाकुरद्वारा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
छजलैट में दुष्कर्म के आरोपी को दबोचा
छजलैट थाना क्षेत्र में 25 सितंबर को एक महिला ने एक व्यक्ति पर जबरन दुष्कर्म करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना छजलैट में मुकदमा अपराध संख्या 197/2026 के तहत धारा 64(1), 352 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के क्रम में पुलिस ने 27 सितंबर को बीरबल पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम नजराना, थाना छजलैट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
शांति व्यवस्था भंग करने पर दो हिरासत में
जनपद पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। दोनों मामले थाना कुन्दरकी से संबंधित बताए गए हैं@जफर/INN
