मुरादाबाद। लगातार बारिश के बीच शहर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए रविवार को जिलाधिकारी अनुनय झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल और नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दिल्ली रोड स्थित बुद्धि विहार के नगर निगम सीवेज हाउस तथा गगन क्षेत्र में बने नाले की निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सीवेज हाउस की कार्यप्रणाली और पानी की निकासी की व्यवस्था को देखा। इसके साथ ही गगन क्षेत्र में बने नाले से पानी की निकासी की स्थिति का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और पानी की निकासी सुचारु बनी रहे, इसको लेकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए नालों और सीवेज व्यवस्था की नियमित निगरानी जरूरी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने भी निरीक्षण के दौरान यातायात और आम लोगों की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने अधिकारियों को नगर निगम की ओर से की जा रही जल निकासी संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए@शांतनु/INN
