दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक कमर्शियल फ्लाइट में इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे विमान ने अचानक अपना रूट बदला। इसके बाद विमान के हाईजैक या किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप की आशंका जताई गई। हालांकि, बाद में विमान ने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान की ओर से पहले 7700 स्क्वॉक कोड एक्टिव किया गया, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत देता है। इसके कुछ समय बाद 7500 कोड भेजा गया, जिसे अंतरराष्ट्रीय विमानन व्यवस्था में हाईजैकिंग या गैरकानूनी हस्तक्षेप से जोड़ा जाता है। इसके बाद विमान ने सऊदी अरब की दिशा में अपना रुख कर लिया।
कुछ देर बाद फ्लाइट ने ताबुक एयरपोर्ट पर लैंड किया। लैंडिंग से पहले ट्रैकिंग वेबसाइटों पर विमान को एयरपोर्ट के आसपास देखा गया था, जबकि लैंडिंग के बाद उसकी लाइव ट्रैकिंग उपलब्ध नहीं रही।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायली सुरक्षा सूत्रों ने शुरुआती तौर पर संकेत दिया कि इमरजेंसी और 7500 कोड भेजे जाने के पीछे विमान में मौजूद पायलटों के बीच हुआ विवाद वजह हो सकता है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट्स को भी विमान की निगरानी के लिए रवाना किए जाने की जानकारी सामने आई। वहीं, हिब्रू मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मामले को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने आपात बैठक की। विमान में करीब 180 यात्रियों के सवार होने की जानकारी दी जा रही है।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम की कई जानकारियां स्पष्ट नहीं हैं। ताबुक में विमान की लैंडिंग के बाद जांच और अधिकारियों की जानकारी से यह पता चलने की उम्मीद है कि आखिर 7500 कोड क्यों एक्टिव किया गया और विमान को अपना रूट क्यों बदलना पड़ा।
