उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को प्रत्याशी बनाया है।
सपा की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, दोनों उम्मीदवार बुधवार, 30 सितंबर को सुबह 11 बजे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है और मतदान की जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को वोटिंग होगी।
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी?
धनराज परिमल नथवानी कॉरपोरेट और खेल प्रशासन से जुड़े रहे हैं। वह रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी हैं और वर्तमान में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत बताए जाते हैं। उनके पिता परिमल नथवानी भी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े रहे हैं और राज्यसभा सांसद हैं।
धनराज नथवानी का गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से भी जुड़ाव रहा है। वह 2019 में GCA के उपाध्यक्ष चुने गए थे और बाद में संगठन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके अलावा उनकी गतिविधियां CSR, सामाजिक कार्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों से भी जुड़ी रही हैं।
सपा के इस ऐलान के साथ ही उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। फिलहाल पार्टी की ओर से इन दो उम्मीदवारों के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई है।
