मुरादाबाद। डिलारी थाना क्षेत्र में मेले के दौरान एक युवती के अपहरण और करीब 24 घंटे तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया है। युवती के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही पंकज और योगेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
परिजनों के मुताबिक गांव में आयोजित मेले में युवती अपने भाई के साथ गई थी। इसी दौरान दोनों युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर युवती को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। युवती के भाई के साथ वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

परिजनों का आरोप है कि युवती को करीब 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान दोनों युवकों ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि बाद में युवती को उसके घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर छोड़ दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए।
घर पहुंचने के बाद युवती ने परिजनों को अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई और समझौते का दबाव बनाया गया। करीब 12 घंटे तक चले कथित दबाव के बाद बुधवार सुबह परिजन युवती को लेकर डिलारी थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है@जफर/INN
