मुरादाबाद। लोकतंत्र के महापर्व में मतदान प्रतिशत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए मुरादाबाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शहर के पंचायत भवन सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के ‘स्वीप’ (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित वृहद मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

मुख्य अतिथि मण्डलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह और जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पिछले चुनाव के 62 प्रतिशत मतदान के आंकड़े की समीक्षा करते हुए इसे बढ़ाकर 80 प्रतिशत से ऊपर ले जाने और शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की विस्तृत कार्ययोजना तय की गई। कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान के दिन को अवकाश मानकर घूमने जाने की मानसिकता को बदलना होगा।

मंडलायुक्त ने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है, उसी तर्ज पर मतदान केंद्रों पर भी जेंडर टर्नआउट को मजबूत करना होगा। जिन बूथों पर पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या या मतदान प्रतिशत कम रहा है, वहां चिन्हित अभियान चलाए जाएं। घरेलू व्यस्तताओं या सामाजिक कारणों से कोई भी महिला मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
मतदान केंद्रों पर वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त ने कहा कि हर मतदान केंद्र पर पक्की सड़क, सुगम रैम्प और आवागमन की मुकम्मल व्यवस्था कराई जाती है।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने युवाओं, विशेषकर 18 से 19 वर्ष के नए मतदाताओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने पर बल दिया। डीएम ने कहा कि यदि प्रत्येक जागरूक नागरिक अपने परिवार सहित आस-पड़ोस के 5 से 10 मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करे, तो शहरी उदासीनता को आसानी से तोड़ा जा सकता है। उन्होंने फॉर्म-6 के माध्यम से छूटे हुए सभी युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर दिया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पंचायत भवन परिसर को मतदाता जागरूकता से संबंधित आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) के छात्र-छात्राओं ने ओजस्वी नुक्कड़ नाटक के जरिए मतदान के महत्व और ‘वोट हमारा अधिकार और जिम्मेदारी’ का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में मंडलायुक्त ने सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को निष्पक्ष, निर्भीक और अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, एसडीएम सदर, डीआईओएस, बीएसए सहित शिक्षा जगत व प्रशासनिक अमले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे@शांतनु/INN
