मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देशों के क्रम में औद्योगिक प्रतिष्ठानों, निर्माण स्थलों एवं कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थल से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की समय से पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 01 अक्टूबर 2026 को मैसर्स सेंसस लाइफस्टाइल, मुगलपुर महलकपुर रोड, मुरादाबाद में ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, मुरादाबाद एवं ईएसआईसी की टीम तथा सीएल गुप्ता आई हॉस्पिटल, मुरादाबाद के चिकित्सकों द्वारा लगभग 265 श्रमिकों एवं निर्माण श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान आवश्यकतानुसार ब्लड टेस्ट, बीपी एवं शुगर टेस्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं तथा चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर श्रमिकों को आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं।

श्रमिकों की मौके पर ही आंखों की जांच की गई, जिसमें आवश्यकता पाए जाने पर 82 श्रमिकों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। शिविर में उप श्रम आयुक्त, मुरादाबाद क्षेत्र द्वारा श्रमिकों को उनके कार्य-दशाओं एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई तथा सेवायोजक को श्रमिक हित में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक ऐप के संबंध में भी जानकारी दी गई। मौके पर ही ऐप डाउनलोड कराकर कुल 130 श्रमिकों का पंजीकरण कराया गया। श्रमिकों को ऐप के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के अवसरों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, कारखाना मुरादाबाद द्वारा श्रमिकों को कार्यस्थल पर अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों एवं सुरक्षा उपकरणों के समुचित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
शिविर में सहायक श्रमायुक्त, मुरादाबाद, सहायक निदेशक कारखाना, श्रम प्रवर्तन अधिकारी तथा श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
