भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने 2026 एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में लवलीना ने चीन की बाओ जियी को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात दी।
मुकाबले के शुरुआती दो राउंड में दोनों मुक्केबाजों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और लवलीना मामूली बढ़त के साथ आगे चल रही थीं। हालांकि तीसरे और आखिरी राउंड में भारतीय बॉक्सर ने अपना दबदबा कायम किया और लगातार प्रभावी पंच लगाते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।
इस जीत के साथ लवलीना ने एशियन गेम्स में पहली बार गोल्ड मेडल जीता है। 2022 के एशियाई खेलों में उन्हें सिल्वर मेडल मिला था, लेकिन इस बार उन्होंने पदक का रंग बदलते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
लवलीना की इस उपलब्धि के साथ भारत को महिला बॉक्सिंग में 12 साल बाद एशियन गेम्स का गोल्ड मिला है। इससे पहले 2014 के इंचियोन एशियन गेम्स में मैरी कॉम ने 51 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। अब लवलीना ने 75 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड जीतकर भारतीय बॉक्सिंग के इतिहास में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।
