मुरादाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर निगम परिसर में भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल, नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक, अपर नगर आयुक्त सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे बच्चों ने भी प्रतिभाग किया। बच्चों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, देशसेवा, सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा से जुड़े विचार प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक : महापौर
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से पूरी दुनिया को मानवता और शांति का संदेश दिया। उनका जीवन केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता और कमजोर वर्गों के उत्थान को भी विशेष महत्व दिया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के लिए गांधी जयंती का विशेष महत्व है, क्योंकि स्वच्छता गांधी जी के विचारों का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सफाई कर्मचारी इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को सम्मान देना पूरे समाज का दायित्व है।
महापौर ने सफाई कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इनके परिश्रम और सेवा भावना के कारण ही शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।

गांधी-शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेकर करें कर्तव्य का निर्वहन : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री दोनों ही सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक हैं। दोनों महापुरुषों का जीवन प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी शहर की जनता के प्रति सीधे तौर पर जवाबदेह है। इसलिए सभी को अपने कार्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि दैनिक जीवन की आदत बननी चाहिए। नगर निगम लगातार स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा है और इसमें नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है।

नगर आयुक्त ने बच्चों से भी आह्वान किया कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
सफाई कर्मचारियों का योगदान समाज के लिए महत्वपूर्ण : सुभान
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुभान ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी दिन-रात शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गर्मी, सर्दी और बारिश की परवाह किए बिना कर्मचारी अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को अपने जीवन और विचारों में विशेष स्थान दिया था। ऐसे में गांधी जयंती के अवसर पर सफाई कर्मचारियों का सम्मान उनके योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों के लिए लगातार प्रयास किए जाने की भी अपेक्षा जताई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी अपने दायित्वों का और अधिक जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है। के साथ ही स्वच्छता अभियान में प्रतिभा करने वाले सेंट मैरी स्कूल और स्प्रिंगफील्ड स्कूल के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचार और लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा की भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। दोनों महापुरुषों की जयंती पर उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं तथा कर्मचारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे@शांतनु/INN
