मुरादाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को मुरादाबाद पुलिस विभाग में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कैम्प कार्यालय और रिजर्व पुलिस लाइन्स में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं सद्विचारों का अनुसरण करने की शपथ दिलाई गई। पुलिसकर्मियों को सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने कार्य एवं व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी सतपाल अंतिल ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशसेवा, सादगी, सत्यनिष्ठा और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। पुलिस सेवा में भी अनुशासन, निष्पक्षता और जनता के प्रति संवेदनशीलता का विशेष महत्व है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया तथा कर्मचारियों को उपहार भी प्रदान किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाते हुए महापुरुषों के आदर्शों एवं सद्विचारों को जीवन और कार्यशैली में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांधी जी का सत्य और अहिंसा का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया@जफर/INN
