प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाई दुबई के कैप्टन स्मित माछर से फोन पर बातचीत की और उनकी बहादुरी की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि देशवासियों को उनके जल्द स्वस्थ होने का इंतजार है और उनके स्वागत के लिए पूरा देश तैयार है। इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्मित ने विमान में हुए हमले और उस दौरान सामने आई मुश्किल परिस्थितियों के बारे में पीएम मोदी को बताया।
स्मित ने बताया कि हमले के दौरान वह गिर गए थे और विमान तेजी से नीचे की ओर जा रहा था। उन्हें एहसास था कि अगर उन्होंने तुरंत नियंत्रण नहीं संभाला तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह करीब 17 साल से विमान उड़ा रहे हैं और उस वक्त उन्हें सिर्फ यात्रियों की जान बचाने का ख्याल था। स्मित ने यह भी बताया कि मुश्किल हालात में वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे, जिसे वह नियमित रूप से पढ़ते हैं।
बातचीत के दौरान स्मित भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि प्रधानमंत्री खुद उनसे बात करेंगे। पीएम मोदी ने उनकी हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद कम समय में धैर्य और सूझबूझ के साथ फैसला लिया और कई लोगों की जान बचाई।
पीएम मोदी ने कहा कि देशभर के लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। उन्होंने सऊदी सरकार का भी आभार जताया और कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ है।
दरअसल, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान FZ1073 में उस समय अफरा-तफरी मच गई थी, जब सह-पायलट ने कथित तौर पर कप्तान स्मित माछर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद विमान ने इमरजेंसी संदेश भेजा और करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आते हुए सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की।
विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। यात्रियों के मुताबिक, हमले के बाद पायलट खून से लथपथ हो गए थे। बाद में एक यात्री और चालक दल के एक सदस्य ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। हमले के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।
