मुरादाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों एवं अंत्योदय की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता दर्शन सहित विभिन्न अवसरों पर आमजन द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली शिकायतों एवं समस्याओं को केवल संबंधित विभाग या अधिकारी को अग्रसारित कर देना ही पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि शिकायत के अंतिम एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के प्रति भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि एक अधिकारी के समक्ष प्रतिदिन अनेक पत्रावलियां और पत्र आते हैं, लेकिन अपनी समस्या और उम्मीद लेकर कार्यालय आने वाले आमजन के लिए संबंधित अधिकारी ही उसकी समस्या के समाधान का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम होता है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आमजन को शासन-प्रशासन से न्याय, समाधान और संवेदनशील व्यवहार प्राप्त हो।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सेवा और जनकल्याण के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में आत्मसात करते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया@शांतनु/INN
