मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को लेकर प्रदर्शन किया गया। पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। दिपके ने दावा किया कि मुंबई पुलिस को उन्हें हिरासत में लेने का आदेश दिया गया था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें चाय पिलाई और वहां से जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी भी उनसे कहते हैं कि वह जो कर रहे हैं, वह सही है।
प्रदर्शन को राजनीतिक समर्थन भी मिला। शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने CJP के आंदोलन का समर्थन करते हुए लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने लोगों का वोट और आवाज छीन ली है। ठाकरे ने इसे देश, लोकतंत्र, वोट और संविधान से जुड़ा मुद्दा बताया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
वहीं, बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार नसीरुद्दीन शाह भी CJP प्रदर्शन में पहुंचे और अभिजीत दिपके से मुलाकात की। शबाना आजमी और विशाल ददलानी के भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
प्रदर्शन के दौरान दिपके ने लोगों को संबोधित करते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे भी लगाए। CJP की ओर से आंदोलन को आगे अन्य शहरों तक ले जाने की बात भी कही गई है।
