मुरादाबाद। पशुपालकों के पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 1962 मोबाइल वेटनरी यूनिट (पशु एंबुलेंस) सेवा जिले में पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनती जा रही है। पशुपालन विभाग की ओर से संचालित इस सेवा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बीमार पशुओं का नि:शुल्क उपचार करने के साथ ही पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य एवं बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील दत्त प्रजापति के निर्देशन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में गांधी जयंती के अवसर पर भगतपुर टांडा ब्लॉक के ग्राम देवीपुरा में 1962 मोबाइल वेटनरी यूनिट की टीम ने पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पशुओं को लेकर पहुंचे और उन्हें विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ मिला।

गौ पूजन के साथ शुरू हुआ चिकित्सा शिविर
ग्राम देवीपुरा में आयोजित शिविर की शुरुआत गौ पूजन के साथ की गई। इसके बाद पशु चिकित्सकों और कर्मचारियों ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सक डॉ. तरुण कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) से बचाव के लिए टीकाकरण किया। साथ ही विभिन्न बीमारियों से पीड़ित पशुओं की जांच कर उनका आवश्यक उपचार भी किया गया।
शिविर में पशुपालकों को पशुओं की नियमित देखभाल, साफ-सफाई, संतुलित आहार और संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। विभागीय टीम ने पशुपालकों को सलाह दी कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करें।
कृत्रिम गर्भाधान की भी नि:शुल्क सुविधा
1962 मोबाइल वेटनरी यूनिट के माध्यम से केवल बीमार पशुओं का उपचार ही नहीं किया जा रहा, बल्कि पशुपालकों को नि:शुल्क कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को अधिक व्यवस्थित और लाभकारी बनाने में मदद मिल रही है।
विभाग की टीमें लगातार गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रही हैं। विशेष रूप से संक्रामक बीमारियों की रोकथाम, समय पर टीकाकरण और पशुओं की उचित देखभाल को लेकर जानकारी दी जा रही है।

बीमारी की सूचना पर मौके पर पहुंचेगी एंबुलेंस
पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि यदि किसी पशु की तबीयत खराब होती है तो वे तत्काल टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करें। सूचना मिलने के बाद मोबाइल वेटनरी यूनिट की टीम संबंधित स्थान पर पहुंचकर पशु का परीक्षण और आवश्यक उपचार करती है। सेवा के माध्यम से पशुपालकों को घर के नजदीक ही पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जेन प्लस के जिला स्तरीय अधिकारी अमित यादव ने बताया कि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की निगरानी तथा ब्लॉक स्तरीय पशु चिकित्सकों के सहयोग से 1962 एंबुलेंस सेवा के कार्यों की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरतमंद पशुपालकों तक समय से चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जा सके।
शिविर में शैलेश, करुण कुमार शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने पशुपालकों से 1962 सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की। जफर/INN
