मुरादाबाद। नगर निगम वार्ड-69 से पार्षद पति सद्दाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे जयंतीपुर स्थित मियां कालोनी में सद्दाम का शव फांसी पर लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। मौके पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
देर रात पहुंचे बड़े नेता
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग, परिजन और राजनीतिक दलों के नेता देर रात ही मौके पर पहुंचने लगे। पूर्व मंत्री इकराम कुरैशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जुनैद इकराम समेत कई कांग्रेस नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। देर रात तक मियां कालोनी में लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
कौन थे सद्दाम
मूल रूप से अमरोहा के रहने वाले सद्दाम शहर के जयंतीपुर क्षेत्र में रहते थे। पिछले नगर निगम चुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर वार्ड-69 से पार्षद चुने गए थे। इस बार वार्ड पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित हो जाने पर उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी रूबी परवीन को चुनाव मैदान में उतारा था, जिन्होंने जीत हासिल की थी।
बताया जाता है कि सद्दाम क्षेत्र में सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे और कांग्रेस संगठन में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी।
पारिवारिक विवाद की आशंका
मौत के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आपसी पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक सद्दाम का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर पुलिस से भी शिकायतें की गई थीं। हालांकि पुलिस अभी इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सीओ और मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी प्रारंभिक जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
एक साल पहले कोर्ट से रद्द हुआ था निर्वाचन
गौरतलब है कि करीब एक साल पहले कोर्ट के आदेश से सद्दाम का पार्षद निर्वाचन रद्द हो गया था। इसके बाद हुए उपचुनाव सरीखी प्रक्रिया में उनकी पत्नी रूबी परवीन ने जीत दर्ज की थी। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को भी चर्चा के तौर पर देखा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच की बात कह रही है। क्षेत्र में शोक का माहौल है@शांतनु/INN
