मुरादाबाद। शनिवार को तहसील कांठ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अनुनय झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। लोगों ने राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, रास्ते, अवैध कब्जे, पारिवारिक विवाद तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही शिकायतों की स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शिकायतों को केवल औपचारिक रूप से निस्तारित करने के बजाय उनके वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा में शिकायतकर्ता को राहत उपलब्ध कराएं।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्षता और पारदर्शिता बरती जाए। पुलिस से संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक सीधे पहुंच उपलब्ध कराना है। इसलिए अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद उसकी गुणवत्ता की भी जांच की जाए, ताकि फरियादी को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए@जफर/INN
