मुरादाबाद। जिले में तेंदुओं की दहशत के बीच वन विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। ठाकुरद्वारा तहसील के राजूपुर मिलक गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे 25वां तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुआ पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

मुरादाबाद जिले में तेंदुओं को पकड़ने के लिए 3 अगस्त से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में कुल 50 पिंजरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से तेंदुओं को पकड़ने का प्रयास लगातार जारी है।

वन विभाग के अनुसार, अब तक ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र से 17 और कांठ तहसील क्षेत्र से 8 तेंदुए पकड़े जा चुके हैं। इस तरह जिले में पकड़े गए तेंदुओं की संख्या 25 हो गई है। इसके अलावा तीन तेंदुए सड़क किनारे मृत भी मिले थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इनकी मौत अज्ञात वाहनों की टक्कर से हुई थी।
तेंदुओं की लगातार मौजूदगी और हमलों से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। अब तक तेंदुओं के हमलों में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं, दर्जनों लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
तेंदुओं के आतंक को देखते हुए वन विभाग की टीमें संवेदनशील गांवों में लगातार निगरानी कर रही हैं। रात के समय विशेष सतर्कता बरती जा रही है और तेंदुओं की गतिविधियों वाले इलाकों में पिंजरों के साथ अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
25वें तेंदुए के पकड़े जाने के बाद वन विभाग को अभियान में एक और कामयाबी मिली है, लेकिन ग्रामीणों की चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। विभाग का रेस्क्यू अभियान आगे भी जारी रहेगा@जफर/INN
