SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक के 140 से ज्यादा सांसदों ने संसद भवन से निर्वाचन सदन तक विरोध मार्च शुरू किया। विपक्षी सांसद संसद से निकलकर निर्वाचन सदन की ओर बढ़े, जिसके चलते नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया।
निर्वाचन सदन के पास पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेता और सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में INDIA ब्लॉक की अलग-अलग पार्टियों के नेता भी शामिल हैं।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए निर्वाचन सदन और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। RAF की भी बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस के जवान अब प्रदर्शन के दौरान बॉडी कैमरों के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। नई दिल्ली जिले के DCP सचिन शर्मा भी बॉडी कैमरा पहनकर मौके पर मौजूद हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले में 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें पुरुषों की 27 और महिलाओं की 4 कंपनियां शामिल हैं। एक पुलिस कंपनी में सामान्य तौर पर करीब 100 से 115 जवान होते हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर और निर्वाचन सदन समेत कई अहम स्थानों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
वहीं, मार्च के चलते दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक-मुख्य डाकघर, विंडसर प्लेस-मुख्य डाकघर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में यातायात को डायवर्ट किया गया है। प्रदर्शन के चलते इन रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है।
