मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध लगातार जारी है। मंगलवार को लंबे धरने के बाद बुधवार को INDIA ब्लॉक के कई सांसद दिल्ली में एकजुट हुए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी दलों के सांसदों ने दिल्ली के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच किया। इसके बाद सभी सांसद बसों से जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए।
लंच के बाद राहुल गांधी ने ऐलान किया कि विपक्ष जंतर-मंतर पर धरना देगा। उन्होंने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसद चुनाव आयोग से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया और दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर किया जा रहा है। राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें FIR से डर नहीं लगता।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही। खरगे ने कहा कि विपक्ष डरने वाला नहीं है और वह अपनी आवाज पूरे देश तक पहुंचाएगा।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी विरोध के बीच कहा कि आज के लंच में भोजन है, आंदोलन नहीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज FIR पर उन्होंने कहा कि विपक्ष इससे डरने वाला नहीं है और FIR को सम्मान का प्रतीक मानता है।
दरअसल, मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठ गए।
यह प्रदर्शन करीब आठ घंटे तक चला। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जिनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, डेरेक ओ’ब्रायन समेत कई विपक्षी नेता शामिल थे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान करीब 250 लोगों को हिरासत में लिया गया था। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
विपक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर उसकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करता रहेगा।
