दिल्ली के शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। इदगाह मच्छी मंडी के पास एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के मलबे की चपेट में आसपास के दो से तीन मकान भी आ गए, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, नगर निगम और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाल ही में आए भूकंप के बाद इमारत में दरारें देखी गई थीं। हालांकि, इमारत गिरने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दमकल विभाग को हादसे की सूचना दोपहर करीब 3:30 बजे मिली थी, जिसके बाद चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू टीम लगातार मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने में जुटी है।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक, अब तक 5 से 6 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है। रेस्क्यू टीम कुछ अन्य लोगों के संपर्क में है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, इमारत गिरने के कारण सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास के रास्तों पर यातायात प्रभावित हुआ है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ या वाहन खड़े न करें, ताकि एंबुलेंस और राहत-बचाव टीमों को रास्ता मिल सके।
