नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उनके खिलाफ विपक्षी दलों के लगातार हो रहे प्रदर्शनों और सुरक्षा संबंधी इनपुट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती का फैसला लिया है। ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z+ सुरक्षा मिली हुई है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास और कार्यालय के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित उनके पैतृक घर की सुरक्षा भी बढ़ाई जा रही है। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक यह कदम खुफिया सूचनाओं और हाल के विरोध प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
SIR को लेकर विपक्ष का लगातार विरोध
चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं और SIR के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की गई। विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ मामले की जांच और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी कर रहे हैं।
विपक्ष का यह विरोध पिछले कुछ दिनों में और तेज हुआ है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी सांसदों ने दिल्ली में मार्च और प्रदर्शन किए। प्रदर्शन के दौरान कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
बुधवार को विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान भी कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। अब विपक्षी दल आज राजघाट जाने की तैयारी में हैं। आगे की रणनीति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया है।
