नई दिल्ली। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक पहुंचने वाली संबंधित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है। रेलवे को आशंका है कि प्रदर्शन के चलते दोनों स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम लग सकता है, जिससे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में परेशानी होगी।
रेलवे से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह फैसला कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए लिया गया है। इससे पहले प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर जाम के कारण कई यात्रियों की ट्रेनें छूटने की जानकारी सामने आई थी। इसी स्थिति से बचने के लिए रेलवे ने पहले से एहतियाती कदम उठाए हैं।
राजधानी एक्सप्रेस पर भी असर
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हावड़ा से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को भी रद्द करने की सूचना दी गई है। दोनों ट्रेनें 9 अक्टूबर को रवाना होने वाली थीं।
इसके अलावा, परिचालन संबंधी कारणों से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 22221 राजधानी एक्सप्रेस को भी 9 अक्टूबर को रद्द किया गया है।
57 मेट्रो स्टेशनों पर भी हो सकता है असर
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) को 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का प्रस्ताव भेजा है। यह व्यवस्था 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से स्थिति सामान्य होने तक लागू रखने का प्रस्ताव है। हालांकि, मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने पर अंतिम फैसला DMRC को लेना है। पुलिस के प्रस्ताव के अनुसार, इंटरचेंज की सुविधा जारी रह सकती है।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने और उसी के अनुसार योजना बनाने की सलाह दी है। जिन यात्रियों ने 10 अक्टूबर को नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने के लिए टिकट बुक कराया है, उन्हें विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रदर्शन और संभावित ट्रैफिक जाम के कारण रेल और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति और मेट्रो से जुड़ी आधिकारिक जानकारी जरूर देखनी चाहिए।
