दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने अमेरिका के बच्चों को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। मस्क के मुताबिक, वह अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को अपनी रॉकेट और अंतरिक्ष कंपनी SpaceX का एक शेयर देने जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह ऐसी कई पहलों में से पहली होगी।
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के बच्चों की आबादी करीब 7.4 करोड़ है। उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर SpaceX के एक शेयर की कीमत लगभग 146 डॉलर बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 13,861 रुपये होती है। इस हिसाब से सभी बच्चों को एक-एक शेयर देने पर कुल रकम लगभग 10.8 अरब डॉलर यानी करीब 1.02 लाख करोड़ रुपये बैठती है।
SpaceX में मस्क की कितनी हिस्सेदारी?
एलन मस्क SpaceX के सबसे बड़े शेयरधारक हैं। हाल ही में दाखिल नियामकीय दस्तावेजों के मुताबिक, 30 जून तक कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 48.4 प्रतिशत थी। उनके पास करीब 6.42 अरब शेयर होने की जानकारी दी गई है।
इनमें क्लास A और क्लास B के शेयर शामिल हैं। इसके अलावा मस्क के पास प्रतिबंधित शेयर और स्टॉक ऑप्शंस से जुड़े अधिकार भी हैं। SpaceX रॉकेट लॉन्च करने, Starlink के जरिए सैटेलाइट इंटरनेट उपलब्ध कराने और अंतरिक्ष अभियानों के क्षेत्र में काम करती है।
बच्चों तक कैसे पहुंचेंगे शेयर?
मस्क ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि शेयर बांटने की प्रक्रिया क्या होगी। यह भी जानकारी सामने नहीं आई है कि किन बच्चों को इसका लाभ मिलेगा, शेयर सीधे उनके नाम पर दिए जाएंगे या किसी ट्रस्ट के माध्यम से बांटे जाएंगे। इस योजना के लिए जरूरी कानूनी और नियामकीय प्रक्रियाओं को लेकर भी अभी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
फिलहाल, मस्क की इस घोषणा के बाद योजना के क्रियान्वयन और पात्रता से जुड़े सवालों के जवाब का इंतजार है। अगले साल इस पहल को किस तरह लागू किया जाएगा, यह आगे की जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
