मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले में बिहार के सांसद पप्पू यादव भी खुलकर विरोध में उतर आए हैं। पप्पू यादव धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। वहीं, मथुरा और ब्रज क्षेत्र के संतों ने भी इस टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है।
दरअसल, पूरा विवाद मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में 29 अक्टूबर को आयोजित श्रीराम कथा के दौरान दिए गए धीरेंद्र शास्त्री के बयान से जुड़ा है। कथा के दौरान उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करते हुए कुछ टिप्पणियां की थीं। इसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं और धार्मिक संतों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
