दिल्ली में पटाखों की बिक्री को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने बाजारों में खुलेआम सभी तरह के पटाखे उपलब्ध होने पर चिंता जताते हुए सरकार को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सुनवाई के दौरान जस्टिस एमएम सुंदेश ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अदालत ने केवल लाइसेंस प्राप्त ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी है। साथ ही, उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए पैकेट पर QR कोड लगाने का निर्देश भी दिया गया था।
इसके बावजूद बाजारों में बिना लाइसेंस वाले और बिना QR कोड के पटाखे भी आसानी से बिक रहे हैं। कोर्ट ने केंद्र सरकार की ओर से पेश एएसजी ऐश्वर्या भाटी से इस मामले को गंभीरता से देखने और जरूरी कदम उठाने को कहा है।
