ओमान के समुद्री क्षेत्र के पास भारत के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को अज्ञात हवाई वस्तु ने निशाना बनाया। इस हमले में गुजरात के रहने वाले एक भारतीय नाविक की जान चली गई, जबकि जहाज पर मौजूद अन्य 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को घटना की जानकारी साझा की।
मंत्री के मुताबिक, भारतीय जहाज ‘एमएसवी अल जुसुफी’ ओमान के तट के नजदीक समुद्री रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान उस पर हमला हुआ। जहाज में कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। घटना के बाद ओमान के तटरक्षक बल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 13 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हमले में घायल हुए गुजरात निवासी गंधार नाहीम अजीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल हमले के पीछे किसका हाथ है और इसे किस वजह से अंजाम दिया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर आगे की जांच और परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है।
