मुरादाबाद। मंझोला थाना क्षेत्र के जीरो पॉइंट पर रविवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार हमलावरों ने खातिरदारी कैंटीन पर बैठे युवकों पर अचानक फायरिंग कर दी। हमलावरों के निशाने पर मौजूद युवक ने गोली से बचने के लिए पीछे हटने की कोशिश की, लेकिन गोली वहां पास में बैठे अब्दुल्ला को जा लगी। सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे टीएमयू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पाकबड़ा के शनिवार का बाजार निवासी उबैद कालिया, जुमेरात का बाजार निवासी अयान और बाबर तथा मुल्लानों वाला निवासी अब्दुल्ला रविवार रात जीरो पॉइंट स्थित खातिरदारी कैंटीन पर चाय पीने पहुंचे थे। चारों कैंटीन में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच बाइक पर सवार होकर पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उबैद कालिया को निशाना बनाते हुए गोली चला दी।
अचानक हुई फायरिंग से कैंटीन में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। गोली से बचने के लिए उबैद पीछे हट गया, लेकिन हमलावर की गोली पास में बैठे अब्दुल्ला को लग गई। वारदात के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अब्दुल्ला को तत्काल उपचार के लिए टीएमयू अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में परिजन और पाकबड़ा क्षेत्र के लोग अस्पताल पहुंच गए। उधर, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
*फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ ही इस बात की पड़ताल में जुटी है कि उबैद कालिया को निशाना बनाकर गोली क्यों चलाई गई और वारदात के पीछे क्या वजह थी। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है@शांतनु/INN
