इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को एक बार फिर चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंप दी है। इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में उनके दूसरे कार्यकाल पर सर्वसम्मति से सहमति जताई गई। बोर्ड के सभी सदस्यों ने उनके नाम का समर्थन किया, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध दोबारा ICC चेयरमैन नियुक्त किया गया।
दूसरी बार यह जिम्मेदारी मिलने पर जय शाह ने ICC बोर्ड के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में क्रिकेट के विकास के लिए काम करना उनके लिए सम्मान की बात है और इसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है।
पहले कार्यकाल में लिए कई अहम फैसले
जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला था। 35 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचकर वह ICC के इतिहास में सबसे युवा चेयरमैन बने थे। इससे पहले वह BCCI के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष की भूमिका निभा चुके हैं।
उनके पहले कार्यकाल में क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। इनमें लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना और एसोसिएट देशों में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना शामिल रहा। इसके अलावा ICC के बड़े टूर्नामेंट्स के आयोजन और क्रिकेट की व्यावसायिक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
क्रिकेट के भविष्य को लेकर क्या बोले जय शाह?
दोबारा चेयरमैन चुने जाने के बाद जय शाह ने कहा कि ICC का लक्ष्य केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि क्रिकेट के लिए एक मजबूत और टिकाऊ भविष्य तैयार करना भी है। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, व्यावसायिक साझेदारों और सभी सदस्य देशों के हितों को ध्यान में रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत दुनिया भर के लोगों को एक मंच पर लाने की क्षमता है। वह ICC के सदस्यों के साथ मिलकर इस खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसकी मजबूत नींव तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
