अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की त्रिपक्षीय बैठक को लेकर भारत में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी ने उन पर निशाना साधा है। बीजेपी ने साफ कहा है कि भारत को विदेश नीति के मामले में कांग्रेस से सीखने की कोई जरूरत नहीं है।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत की वैश्विक कूटनीतिक स्थिति कमजोर हुई और चीन-पाकिस्तान के साथ रिश्तों को लेकर कई गलत फैसले लिए गए।
प्रदीप भंडारी ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत की स्थिति अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले जैसी ही रहती। उन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध, शर्म अल-शेख समझौते और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की भूमिका जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला।
दरअसल, राहुल गांधी ने तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक की तस्वीर साझा करते हुए केंद्र सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी उस मेज पर बैठे होते। राहुल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि समझौता करने वाला प्रधानमंत्री ऐसी बैठक में जगह नहीं बना सकता।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच विदेश नीति को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है।
