उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के अधिकारियों ने की है। बताया जा रहा है कि सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उनकी तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को घर बुलाया गया था।
मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे, जहां 50 हजार छात्रों को टैबलेट वितरित किए जा रहे थे। जानकारी मिलने के बावजूद उन्होंने अपना कार्यक्रम जारी रखा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंच सकते हैं। हालांकि, उनके पहुंचने और अंतिम संस्कार को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को दिल्ली के एम्स में हुआ था। कोरोना महामारी के दौरान लागू लॉकडाउन के चलते योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। मुख्यमंत्री योगी सात भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर हैं और उनका पैतृक परिवार पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में रहता है।
