स्टार बल्लेबाज सरफराज खान को साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ दो फर्स्ट क्लास मैचों के लिए इंडिया-ए टीम में शामिल नहीं किया गया है, जिसके चलते हो-हल्ला मचा हुआ है. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने सरफराज को टीम में शामिल नहीं करने पर निराशा जताई थी. ओवैसीन ने पूछा था कि सरफराज खान को इंडिया ए के लिए भी क्यों नहीं चुना गया.
अब पूरे मामले में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद की एंट्री हो गई है. शमा ने इस पूरे मामले को एक तरह से धार्मिक एंगल से जोड़ दिया. शमा ने सरफराज खान के टीम में सेलेक्शन ना होने को लेकर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पर भी निशाना साधा. शमा ने अपने X अकाउंट पर लिखा, ‘क्या सरफराज खान को उनके सरनेम की वजह से चयन नहीं किया गया? बस ये पूछ रही हूं. हम जानते हैं कि गौतम गंभीर इस मामले में क्या सोचते हैं.’
सरफराज खान ने आखिरी बार नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के लिए टेस्ट मैच खेला था. सरफराज ने शारीरिक रूप से खुद को मजबूत बनाया है और 17 किलो वजन कम किया है. उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन मौका नहीं मिला. फिर उनका सेलेक्शन इंग्लैंड दौरे और वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए नहीं हुआ.
टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज से सरफराज खान के बाहर होने की वजह इंजरी बताया था. मुंबई के इस बल्लेबाज को क्वाड्रिसेप्स इंजरी हो गई थी, जिसकी वजह से वो दलीप ट्रॉफी और ईरानी कप में भाग नहीं ले सके थे.
