वाराणसी एयरपोर्ट पर बुधवार की शाम इंडिगो एयरलाइंस के विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. कोलकाता से श्रीनगर जा रही फ्लाइट में बुधवार शाम तकनीकी खराबी आ गई. 160 से अधिक यात्री लेकर जा रहे विमान ने वाराणसी सीमा में घुसते ही एटीसी को मेडे-मेडे मैसेज दिया और फिर लैंडिंग की बात कही. अनुमति मिलते ही विमान शाम 4:10 बजे सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारा गया. विमान में सवार कुल 166 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.
पायलट ने एटीसी को बताया- विमान में फ्यूल लीक होने के चलते इंजन रेड सिग्नल दे रहा है. इसके बाद आनन- फानन में एटीसी ने फ्लाइट नंबर की जांच की और अगले 4 मिनट में विमान को रनवे पर सुरक्षित उतार दिया. इसके बाद इमरजेंसी टीम को भेजकर सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया.
एयरलाइंस की ओर से बताया गया- वाराणसी एयरपोर्ट पर कुछ तकनीकी खराबी के कारण विमान को उतारा गया है. इंडिगो को ओर से यात्रियों को किसी अन्य विमान से श्रीनगर भेजने की व्यवस्था की जा रही है.
