फिरोजाबाद में उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य की कार का शुक्रवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक्सीडेंट हो गया. हादसा कठफोरी गांव के पास किलोमीटर नंबर-56 पर हुआ. गनीमत रही कि मंत्री हादसे में बाल-बाल बच गईं.
मंत्री कार से लखनऊ जा रही थीं. एक्सप्रेस-वे पर बने डायवर्जन के चिन्ह स्पष्ट न होने के कारण उनकी कार असंतुलित होकर फिसल गई और सड़क किनारे टकरा गई. हादसे में मंत्री की कार साइड से क्षतिग्रस्त हो गई, कोई घायल नहीं हुआ है.
सूचना पर सीओ सिरसागंज मौके पर पहुंचे. मंत्री बेबी रानी मौर्य ने यूपीडा (यूपी एक्सप्रेसवेज़ इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी) के कर्मचारियों से नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने अधिकारियों से कहा इतने बड़े एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन के संकेत न होना बड़ी लापरवाही है, जिससे जान का खतरा हो सकता है. मंत्री ने अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए.
मंत्री को दूसरी गाड़ी में बैठाकर लखनऊ रवाना किया गया. पुलिस ने मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है. गौरतलब है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अस्पष्ट डायवर्जन संकेतों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं. मंत्री के काफिले के साथ हुई यह दुर्घटना एक बार फिर एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
