साइक्लोन मोंथा, आज 28 अक्टूबर को काकीनाडा के पास ज़मीन से टकराएगा. IMD और INCOIS ने सोमवार शाम को नेल्लोर से श्रीकाकुलम तक आंध्र तट पर 4.7 मीटर तक ऊंची समुद्री लहरों की चेतावनी दी है, और तूफान के पास आने पर खराब मौसम और तेज़ हवाएं चलने की आशंका है.
साइक्लोन मोंथा के असर की वजह से आंध्र प्रदेश में रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर, साउथ सेंट्रल रेलवे (SCR) ने विजयवाड़ा डिवीजन के तहत चलने वाली 54 ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया है. अधिकारियों ने कहा है कि अगले दो दिनों में विजयवाड़ा से चलने वाली कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. राजमुंदरी, निदादावोलू, गुंटूर, काकीनाडा, तेनाली, मार्कापुरम, मछलीपट्टनम, नरसपुर, विशाखापत्तनम, ओंगोल, भीमावरम और माचेरला से चलने वाली ट्रेन सेवाएं भी सस्पेंड कर दी गई हैं.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह फैसला साइक्लोन मोंथा के कारण खराब मौसम की स्थिति के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर लिया गया है. SCR ने यात्रियों को रद्द ट्रेनों के बारे में सूचित करने के लिए SMS अलर्ट भी भेजे हैं. अधिकारियों ने कहा है कि मौसम सामान्य होने के बाद ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी.
बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य में बना साइक्लोनिक तूफान ‘मोंथा’ पिछले 6 घंटों में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से उत्तर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है. अब यह एक गंभीर साइक्लोनिक तूफान में बदल गया और आज यानी 28 अक्टूबर 2025 को सुबह 0530 बजे IST पर मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 190 km दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 270 km दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 340 km दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और गोपालपुर (ओडिशा) से 550 km दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित था.
IMD भुवनेश्वर की निदेशक डॉ. मनोरमा मोहंती ने कहा, “चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मोंथा अब पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है और गोपालपुर से लगभग 550 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में है. इसके उत्तर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और आज एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है और यह उत्तर उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ना जारी रखेगा और आज शाम या रात के दौरान काकीनाडा के आसपास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है. ओडिशा के लिए, गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर और कालाहांडी के लिए रेड अलर्ट जारी की गई है जहां बारिश और तेज हवाएं चलेंगी. आम लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है.”
आज यानी 28 अक्टूबर को चेन्नई मेट्रो और उत्तरी तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर काफी वर्षा दर्ज की गई है, जिससे क्षेत्र का सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एन्नोर में सबसे ज्यादा 13 सेंटीमीटर (CM) बारिश दर्ज की गई है.
चेन्नई के माधवरम, मनाली न्यू टाउन, मनाली (W17) और मेडावक्कम जंक्शन में 8-8 CM बारिश दर्ज की गई है. तिरुपति के पोननेरी, चेन्नई के अम्बाथुर रेव, बेसिन ब्रिज, पेरम्बुर और टोंडियारपेट में 7-7 CM बारिश रिकॉर्ड हुई है. इन प्रमुख क्षेत्रों में भारी वर्षा से निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या आई है.
चेन्नई के अडियार, टोंडियारपेट, अमीनजिकराई, वडापलानी, पैरिस, DGP ऑफिस, आइस हाउस, चेन्नई कलेक्टर ऑफिस जैसे कई जोनों और कार्यालयों में 6-6 CM बारिश दर्ज की गई है. वहीं, चेन्नई (एन.) ए.डब्ल्यू.एस., अयनवरम तालुक कार्यालय, अयप्पक्कम, चोलवरम, रेड हिल्स, नंगमबक्कम और अन्ना यूनिवर्सिटी समेत कई अन्य क्षेत्रों में 5-5 CM बारिश हुई है.
चेन्नई के अलावा तिरुवल्लूर, वेल्लोर, नीलगिरी (एवलांच में 7 CM), कोयम्बटूर (चिन्नाकलर में 6 CM) और तिरुवल्लूर (उत्तुकोट्टई में 6 CM) जैसे अन्य जिलों में भी वर्षा दर्ज की गई है. इस अत्यधिक बारिश ने क्षेत्रीय परिवहन और सामान्य जनजीवन को बाधित किया है.
