आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार (30 अक्टूबर) को भारत ने डिफेंडिंग चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से धूल चटाई. वर्ल्ड कप इतिहास का ये सबसे बड़ा रन चेज है. इस जीत के साथ ही भारत ने वर्ल्ड के फाइनल में जगह बना ली है. अब 2 नवंबर को उसक मुकाबला फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होना है.
इस मुकाबले में टॉस ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने जीता था और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. ऑस्ट्रेलिया ने लिचफील्ड की सेंचुरी और पेरी-गार्डनर की फिफ्टी के दम पर भारत के सामने 339 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में उतरी टीम इंडिया ने हरमनप्रीत की 89 और जेमिमा की नाबाद 127 रनों की पारी के दम पर ये मुकाबला 49वें ओवर में ही जीत लिया.
भारत के लिए ये जीत कई मायनों में खास रही. क्योंकि उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से था, जो डिफेंडिंग चैम्पियन होने के साथ ही 2017 के बाद से कभी भी वनडे वर्ल्ड कप में मैच नहीं हारी थी. 2017 में भी भारत ने ही उसे सेमीफाइनल में पटखनी दी थी. लेकिन अब भारत ने तीसरी बार विश्वकप के फाइनल में जगह बना ली है. इससे पहले 2005 और 2017 में टीम इंडिया फाइनल में पहुंची थी. लेकिन वो जीत नहीं सकी थी.
339 रनों के जवाब में उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शेफाली वर्मा जो प्रतीका रावल की इंजरी के बाद टीम से जुड़ी थीं. वो कमाल नहीं कर सकीं. शेफाली के बल्ले से केवल 10 रन आए. इसके बाद 10वें ओवर में स्मृति मंधाना का विकेट गिर गया. मंधाना ने 24 रन बनाए. हालांकि, इसके बाद हरमनप्रीत और जेमिमा के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है. दोनों ने 18वें ओवर में भारत का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया. दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई. लेकिन 36वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा जब कप्तान हरमनप्रीत 89 रन बनाकर आउट हुईं. हरमनप्रीत और जेमिमा के बीच 167 रनों की साझेदारी हुई थी.
इसके बाद दीप्ति शर्मा ने अच्छी पारी खेली लेकिन 41वें ओवर में वह 24 रन बनाकर रन आउट हो गईं. लेकिन दूसरे छोर पर जेमिमा टिकी रहीं. उन्होंने 115 गेंदों में शतक लगाया. इसके बाद 46वें ओवर में ऋचा का विकेट गिरा. ऋचा ने 16 गेंद में 26 रन बनाए. जब ऋचा आउट हुईं तो भारत को जीत के लिए 24 गेंद में 29 रनों की जरूरत थी. लेकिन इसके बाद अमनजोत और जेमिमा ने भारत को 49वें ओवर में ही जीत दिला दी. भारत का फाइनल मैच अब 2 नवंबर को साउथ अफ्रीका के साथ होगा. जेमिमा ने 127 रनों की नाबाद पारी में 14 चौके लगाए.
