बिहार में फिर से सत्ता पर पकड़ बनाए रखने की कोशिश में लगे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने आज शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया. एनडीए ने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया है. अपने संकल्प पत्र में एनडीए ने बिहार के हर युवा को नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है. साथ ही महिला उद्यमियों को 2-2 लाख की सहायता राशि देने का वादा किया.
एनडीए की ओर से जारी संकल्प पत्र में विकसित बिहार की कल्पना की गई है. इसके लिए 25 प्रमुख संकल्प तय किए गए हैं.
संकल्प पत्र के अनुसार, 1 करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार प्रदान करेंगे, कौशल जनगणना कराके कौशल आधारित रोजगार देंगे. साथ ही हर जिले में मेगा स्किल सेंटर से बिहार को ग्लोबल स्किलिंग सेंटर के रूप में स्थापित करेंगे.
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से महिलाओं को 2 लाख तक की सहायता राशि देंगे. 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे. साथ ही ‘मिशन करोड़पति के जरिए चिह्नित महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में काम करेंगे.
बिहार में अति पिछड़ा वर्ग के अलग-अलग व्यावसायिक समूहों तांति, ततमा, निषाद, मल्लाह, तेली, तमोली, केवट, गंगोता, बिंद, नोनिया, बढ़ई, धानुक, लोहार, कुम्हार, नाई, शिल्पकार, ठठेरा, माली. चंद्रवंशी, हलवाई, कानू, दांगी, तुरहा, अमात, केवर्त, राजबंशी, गड़ेरिया, इत्यादि अति पिछड़े वर्गों को ₹10 लाख की सहायता देंगे. साथ ही हम सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन करेंगे जो अति पिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों के सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करके इन जातियों के सशक्तिकरण के लिए न्यायोचित कदम उठाने के लिए सरकार को सुझाव देगी.
घोषणा पत्र जारी किए जाने के मौके पर एनडीए घटक दल के लगभग सभी नेता मौजूद रहे. पिछले दिनों इस संबंध में राजधानी पटना में मैनिफेस्टो कमेटी की बैठक हुई थी. इस अहम बैठक में संकल्प पत्र को लेकर मुद्दों और वादों को अंतिम रूप दिया गया. इसमें एनडीए के सभी सहयोगी दलों के मैनिफेस्टो की अहम बातों को शामिल किया गया है.
घोषणापत्र में जिक्र है कि बिहार गति शक्ति मास्टर प्लान को प्रस्तुत किया जाएगा. सात एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे. 3600 किलोमीटर रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण किया जाएगा. अमृत भारत एक्सप्रेस व नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार होगा. 4 नए शहरों में मेट्रो शुरू होगी.
बिहार की 243 सीटों पर दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग कराई जाएगी. जबकि 14 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी. एनडीए की ओर से बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं तो वहीं, चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) 29 सीटों पर तो जीतन राम की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक दल 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं.
