आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब काशी बुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मच गई. इस हादसे में कम से कम 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह हादसा कार्तिक मास की एकादशी के पावन अवसर पर हुआ, जब मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई. कई लोग गिर पड़े और उनके ऊपर भीड़ चढ़ती चली गई.
जानकारी मिलते ही प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. जिला प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि हालात पर काबू पाया जा सके.
