यूपी पुलिस की कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती परीक्षा शनिवार सुबह से शुरू हो गई. सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. CCTV कैमरों से हर अभ्यर्थी की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
परीक्षा में प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की कड़ी चेकिंग की गई. आखों की रेटिना स्कैन, एडमिट कार्ड मिलान और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के बाद ही एंट्री दी गई.
कानपुर और बरेली में अभ्यर्थियों के जूते उतरवाए गए. गोरखपुर में रूमाल चेक किए गए, जबकि मेरठ में कलावा कटवाया गया और बेल्ट भी उतरवाए गए.
यह परीक्षा 10 जिलों के 244 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा गया है. 1129 पदों के लिए कुल 1,01,396 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. कल यानी रविवार को भी परीक्षा होगी.
