आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में रविवार (2 नवंबर) को भारतीय टीम का सामना साउथ अफ्रीका से होना है. दोनों टीमों के बीच यह हाईवोल्टेज मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा. दोनों में से जो भी टीम फाइनल जीतेगी, वो पहली बार महिला वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाएगी.
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 5 विकेट से जीत हासिल कर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया. भारतीय टीम तीसरी बार महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप (वनडे फॉर्मेट) के फाइनल में पहुंची है. इससे पहले उसने 2005 और 2017 का फाइनल खेला था, जहां टीम इंडिया को हार मिली थी. दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को 125 रनों से हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई है.
खिताबी मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग-11 पर भी फैन्स की निगाहें हैं. इस मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर स्नेह राणा की एंट्री हो सकती है. स्नेह की जगह राधा यादव को बांग्लादेश के खिलाफ लीग मैच और सेमीफाइनल में मौका मिला था. सेमीफाइनल में राधा काफी महंगी साबित हुई थीं, ऐसे में स्नेह को इस अहम मुकाबले में मौका मिलने की पूरी संभावना है.
दूसरी ओर साउथ अफ्रीकी टीम उसी प्लेइंग-11 के साथ जा सकती है, जिसने उसे इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में जीत दिलाई थी. साउथ अफ्रीकी टीम में क्लो ट्रायोन, मारिजाने कैप, नादिन डिक्लर्क और सुने लुस के रूप में स्टार ऑलराउंडर्स मौजूद हैं, जो मैच का रुख बदल सकती हैं.
फाइनल के सारे टिकट बिक चुके हैं. इस बार खिताब जीतने वाली टीम को पिछले वर्ल्ड कप की तुलना में ज्यादा पैसा मिलेगा. ICC चेयरमैन जय शाह ने वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान किया था, जो किसी भी मेंस वर्ल्ड कप की रकम से भी ज्यादा हैं. इस बार महिला ने वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीम को 4.48 मिलियन डॉलर यानि करीब 40 करोड़ रुपये मिलेंगे.
भारत में साल 2023 में खेले गए मेंस वर्ल्ड कप में चैंपियन टीम को 4 मिलियन डॉलर मिले थे. वहीं उप विजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर (करीब 20 करोड़ रुपये) मिलेंगे. इसके अलावा हर टीम को पहले ही ढाई लाख डॉलर (करीब 2 करोड़ रुपये) मिलने तय थे, जबकि लीग स्टेज के दौरान हर जीत के लिए 34,314 डॉलर (करीब 28 लाख रुपये) मिलने भी तय है.
ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 फाइनल
- तारीख: 2 नवंबर 2025 (रविवार)
- स्थान: डॉ. डी. वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी, नवी मुंबई
- टीम: भारत महिला बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला
- टॉस का समय: दोपहर 2:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
- मैच शुरू होने का समय: दोपहर 3:00 बजे (IST)
- टीवी प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (भारत)
- लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट
